सपा सांसद रामजी लाल सुमन की राणा सांगा पर की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष ने जहां इस मामले में बिना शर्त माफी की मांग की, तो विपक्ष ने रामजी लाल सुमन के आवास पर हमले की घटना की कड़ी आलोचना की।
राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को व्यापार सलाहकार समिति की बैठक में नाराज होकर उठकर चले गए। दरअसल सभापति बैठक में डिकोरम (शिष्टाचार) न होने से नाराज थे। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सभापति नकली वोटर आईडी नंबर्स के मुद्दे पर हो रहे हंगामे से नाराज होकर बैठक छोड़कर चले गए। टीएमसी और विपक्ष के नेता नकली वोटर आईडी नंबर्स के मुद्दे पर सदन में चर्चा करना चाहते हैं। उनका आरोप है कि सरकार द्वारा बार-बार इस मुद्दे पर चर्चा को टाला जा रहा है।
विज्ञापन
राज्यसभा में जमकर हुआ हंगामा
राज्यसभा में आज काफी हंगामा देखने को मिला। दरअसल सपा सांसद रामजी लाल सुमन के राजपूत राजा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर शुक्रवार राज्यसभा में खूब हंगामा देखने को मिला और सत्तापक्ष ने इस मामले में सपा सांसद से माफी की मांग की। वहीं सपा सांसद रामजी लाल सुमन पहले ही इस मुद्दे पर माफी मांगने से इनकार कर चुके हैं। बुधवार को इस मामले में करणी सेना के समर्थकों ने आगरा स्थित सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हमला भी किया था। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए और करणी सेना के कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा को गद्दार कह दिया था। शुक्रवार को इस मुद्दे पर हंगामा इतना बढ़ा कि सदन की कार्यवाही थोड़ी देर के लिए स्थगित करनी पड़ी थी। सत्ता पक्ष जहां रामजी लाल सुमन से इस्तीफे की मांग कर रहा था, वहीं विपक्ष ने सपा सांसद के आवास पर हमले की निंदा की।