सर्वदलीय बैठक के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक कर देश के सुरक्षा हालात की समीक्षा की। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, खुफिया एजेंसी आईबी के निदेशक राजीव जैन, गृह सचिव राजीव गाबा समेत सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख शामिल हुए। बैठक में पुलवामा आतंकी हमले के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के हालात पर अलग से चर्चा की गई। पाकिस्तान के साथ लगने वाली नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर खास रिपोर्ट पेश की गई।
राजनाथ सिंह ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि मौजूदा नाजुक हालात में पूरी तरह सतर्क रहें। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर में भारत विरोधी तंत्र पर काबू रखने के लिए नए सिरे से काम करने की सलाह दी गई है। बैठक में कश्मीर के अलगाववादी नेताओं के पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंधों पर खास चर्चा हुई। कश्मीर के गृह विभाग से इस बावत ताजा रिपोर्ट मांगी गई है।
कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे राज्य : गृह मंत्रालय
पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश के अलग अलग हिस्सों में रह रहे कश्मीरियों को धमकी मिलने और गलत व्यवहार की शिकायत गृह मंत्रालय को मिल रही है। मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि उनके यहां रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा का पूरा बंदोबस्त किया जाए। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह से बचें। सोशल मीडिया पर भी संयम बरतने को कहा गया है।