तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रहने वाले के राजेश्वर राव, सत्य हरिशचंद्र फाउंडेशन के फाउंडर हैं और अपने फाउंडेशन के जरिए मानवता बरकरार रखना उनका एकमात्र लक्ष्य है। राजेश्वर राव अज्ञात शवों को उनके परिवार तक पहुंचाने का काम करते हैं।
राजेश्वर राव ने इसके लिए एक वेबसाइट बनाई है, जिसके तहत वो अज्ञात शवों को उनके परिजनों को सौंपते हैं। राजेश्वर राव ने अपने फाउंडेशन के बैनर के तले ही इस वेबसाइट को बनाया है। राजेश्वर राव का कहना है कि मैं इस वेबसाइट के जरिए अज्ञात शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की कोशिश करता हूं।
उन्होंने बताया कि अगर कोई किसी शव का दावा नहीं करता है, तो मैं उस शव का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ करता हूं। राजेश्वर राव ने बताया कि अब तक 13,500 शवों की पहचान कर ली गई है और शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।