फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिमझिम फुहारों से दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना, यूपी में बिजली गिरने से दो की मौत

Thu, 05 Mar 2020 02:34 AM IST
संजीव कुमार झा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर में बारिश - फोटो : ANI
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बुधवार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला है। अगले तीन दिन तक हल्की बारिश होने के आसार हैं।

विज्ञापन


बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ता गया। दोपहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। करीब पांच बजे आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी हुई।

इससेे तापमान में गिरावट आई। बीच-बीच में देर रात तक बारिश की फुहारें पड़ती रहीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार सुबह आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, दिन भर बीच-बीच में हल्की बारिश होती रहेगी। शुक्रवार व शनिवार को भी मौसम में ज्यादा फेरबदल की उम्मीद नहीं है। तीन दिन की हल्की बारिश के बाद मौसम साफ होगा। तापमान भी सामान्य के करीब रहने का अनुमान मौसम विभाग लगा रहा है।

विज्ञापन

रोहतांग में बर्फबारी, चंबा में गिरा हिमखंड, हिमाचल में आज और कल ऑरेंज अलर्ट

रोहतांग में बुधवार को बर्फबारी हुई वहीं, चंबा के लक्कड़मंडी में हिमखंड गिरा। राज्य के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। डलहौजी, बनीखेत में दोपहर बाद भारी ओलावृष्टि हुई। शिमला में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

ऑरेंज अलर्ट को लेकर आगाह करते हुए प्रदेश सरकार को सतर्क रहने को कहा गया है। वहीं, उत्तराखंड के कई इलाकों में भी बृहस्पतिवार को आंधी-बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इससे एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है।
विज्ञापन

तेज हवा के साथ बारिश, बिजली गिरने से दो की मौत

बुंदेलखंड समेत सेंट्रल यूपी के ज्यादातर जिलों में बुधवार को दिन में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे फसलों के नुकसान की आशंका से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। वहीं, जगह-जगह जलभराव से लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। जालौन व कन्नौज में बिजली गिरने से दो किसानों की जान चली गई। वहीं, बारिश से ठंड फिर लौट आई।

बांदा में सुबह से बादल छाए रहे, यहां बारिश नहीं हुई। चित्रकूट में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बरसात से खेतों में तैयार रबी की फसल को खासा नुकसान हुआ है। तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी फसल गिर गई है। सबसे ज्यादा नुकसान मसूर व तिहलन की फसल को हुआ है। महोबा में रुक-रुक कर बारिश हुई।

हमीरपुर में सुबह से मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। दोपहर बाद पूरे दिन रिमझिम बरसात हुई। बारिश से सरसों, मटर व मसूर की फसलों पर असर पड़ने की संभावना है। जालौन में तेज हवा के साथ बरसात हुई। माधौगढ़ के नावली गांव में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।

इटावा में दोपहर को आधा घंटे तक पानी बरसा। इससे आलू की खुदाई प्रभावित हुई है। खेतों में खड़ी सरसों-चना की फसलों को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण गेहूं की फसल भी गिर गई है। औरैया में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार छह से आठ मार्च के मध्य फिर बारिश होने की संभावना है।

फर्रुखाबाद में शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। कन्नौज में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मलिकपुर में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। उन्नाव में दोपहर करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। फतेहपुर में दोपहर में शहर के अलावा औंग, खागा, बिंदकी, थरियांव व जहानाबाद कस्बों में रिमझिम बारिश हुई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें