पूरी जनवरी देशभर में ठंड ने कहर बरपाया। अब मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी में ठंड का असर रहेगा। पश्चिम विक्षोभ के चलते दिल्ली में तीन फरवरी को बारिश होगी। इसके असर से ठंड फिर चमक सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी ठंड का असर कायम रहेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में तीन फरवरी को बारिश होगी। राज्य में फरवरी की शुरुआत में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। विभाग के फरवरी के मासिक अनुमान के अनुसार देश के ज्यादातर हिस्सों में इस माह सामान्य से कम तापमान रहने के आसार हैं। वहीं पंजाब और हरियाणा में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अभी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। मध्य प्रदेश, यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले दो दिनों तक ठंड कायम रहने की संभावना है। फरवरी में देश के पूर्वी हिस्से, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और मध्य भारत के दक्षिण पूर्वी हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। इसके अलावा देश के अधिकांश हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा सकता है।
ला नीना के असर से ठंड का कहर
मौसम विभाग के अनुसार ध्रुवीय प्रशांत क्षेत्र में कमजोर ला नीना परिस्थितियां सक्रिय हैं। इस कारण भारत में भीषण ठंड पड़ी। नवीनतम मानसून मिशन क्लाइमेट फोरकॉस्ट सिस्टम (एमएमसीएफएस) से संकेत मिलता है कि ला नीना परिस्थितियां उत्तरी गोलार्द्ध में वसंत के मौसम से कमजोर पड़ना शुरू होंगी। ये 2022 की दूसरी तिमाही के दौरान तटस्थ होंगी।