आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू ने दिया धन्यवाद
केंद्रीय कैबिनेट बैठक में अमरावती के लिए नई रेल लाइन को मंजूरी मिलने पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि हम अमरावती को देश के बेहतर शहरों में से एक बनाना चाहते हैं और रेलवे पुल के निर्माण से इसमें काफी मदद मिलेगी। मैं केंद्र सरकार की सराहना करता हूं और पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। आंध्र प्रदेश में 70,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाएं चल रही हैं। हम पीएम मोदी को विशाखापत्तनम रेलवे जोन की आधारशिला रखने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। मैं इस परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री और पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं।
स्पेस सेक्टर में काम करने वाले स्टार्टअप्स के लिए बनेगा वेंचर कैपिटल फंड
स्पेस सेक्टर में काम करने वाले स्टार्टअप्स की मदद के लिए सरकार आगे आई है। केंद्रीय कैबिनेट ने गुरुवार को 1000 करोड़ रुपये का वेंचर कैपिटल फंड बनाने को अपनी मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी। इस फंड से लगभग 40 स्टार्टअप्स को मदद मिलने की उम्मीद है।