कुंभ मेले की ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को रेलवे मोबाइल हैंडसेट देगा। रेलवे बोर्ड द्वारा शुक्रवार को जारी परिपत्र के मुताबिक कुंभ की तैयारियों के लिए इस वित्तीय वर्ष में इलाहाबाद, वाराणसी और लखनऊ मंडल के सीनियर ग्रेड अधिकारियों की कार्य संबंधी सालाना खर्च की सीमा बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये कर दी गई है। तीनों मंडलों के डीआरएम और एडीआरएम को मेले की तैयारी के लिए जरूरी राशि खर्च करने की अनुमति दी गई है।
इस परिपत्र के मुताबिक लखनऊ और इलाहाबाद मंडल मेला अवधि के लिए सात हजार रुपए तक की कीमत के 100-100 और वाराणसी मंडल 50 मोबाइल हैंडसेट खरीद सकेगा। रेलवे के संचालन और सुरक्षा संबंधी कार्यों में लगे कर्मचारियों को दिए जाने वाले इन मोबाइल फोन में बीएसएनएल का सिम रहेगा। मेला खत्म होने के बाद कर्मचारियों को मोबाइल फोन रेलवे को वापस करना होगा।