अब आप स्पेशल ट्रेन में तत्काल टिकट भी बुक करा सकेंगे। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पर चल रही 230 स्पेशल ट्रेनों में चार महीने पहले भी टिकट बुकिंग की सुविधा रेलवे ने शुरू कर दी है। ऑनलाइन के साथ ही रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की से भी तत्काल टिकटों की बुकिंग होगी। इन ट्रेनों में पार्सल और सामानों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 30 स्पेशल राजधानी और 200 स्पेशल मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रा करने की राह को आसान किया गया है। रेलवे ने जहां 230 स्पेशल ट्रेनों में एडवांस रिजर्वेशन की अवधि 30 दिन से बढ़ाकर 120 दिन करने का एलान किया है तो वहीं रेलवे मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर कहा है कि 12 मई से चल रही राजधानी स्पेशल ट्रेनों में और 200 स्पेशल मेल व एक्सप्रेस ट्रेन में एक जून से तत्काल टिकट से यात्री यात्रा कर सकेंगे। इन ट्रेनों में अब 120 दिन पहले भी टिकट की बुकिंग होनी शुरू हो गई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों पर सीटों का तत्काल कोटा आवंटन व अन्य शर्तें पहले की तरह ही होंगी। रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी), मोबाइल एप, और टिकट काउंटर से इस सुविधा का यात्री लाभ उठा सकेंगे। तत्काल टिकट बुकिंग के लिए यात्री का पहचान पत्र होना आवश्यक है।