रेलवे अधिकारियों के अनुसार, महाकुंभ-2025 में यात्रियों को सुखद यात्रा उपलब्ध और आसान टिकट वितरण कराने की तैयारी है। इससे लोगों को टिकट के लिए इधर उधर भटकना न पड़े। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था की जा रही है। प्रयागराज (संगम एरिया सहित), सुबेदारगंज, नैनी एवं प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर अतिरिक्त 64 एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाए जा रहे हैं। इन एटीवीएम को 11 जनवरी से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा। इन सभी एटीवीएम पर 8-8 घंटे की पाली के अनुसार कुल 192 फैसिलिटेटर कार्य करेंगे। भारतीय रेलवे देश के तमाम शहरों से ट्रेनों को चलाने जा रहा है। इससे यात्री सुविधाजनक ढंग से प्रयागराज पहुंच सकें। इसके लिए पूरा प्लान बन चुका है।
कोई भी कर सकता है आवेदन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, एटीवीएम फैसिलिटेटर की नियुक्ति के लिए रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और सामान्य नागरिकों से पुनः आवेदन मांगे गए हैं। इसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर तय की गई है। इसके लिए सुरक्षा राशि के रूप में ली जाने वाली राशि एनएसजी -1&2 कैटेगरी के स्टेशनों के लिए 50,000 रुपये और अन्य कैटेगरी के स्टेशनों के लिए 25,000 रुपये निर्धारित की गई थी। सभी कैटेगरी के स्टेशनों के लिए सुरक्षा राशि कम करके 5,000 रुपये निर्धारित कर दी गई है। आवेदन फार्म केवल 100 रुपये का है।