होली को लेकर रेलवे ने एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। ज्यादा से ज्यादा संख्या में ट्रेनों को चलाने के साथ ही सुरक्षा को लेकर भी तैयारी की गई है। स्टेशनों पर अतिरिक्त काउंटर के साथ ही स्पेशल ट्रेनों की लगातार घोषणा, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती, डॉग स्क्वायड के साथ लगातार मॉनिटरिंग के लिए रेल अधिकारियों की तैनाती करने का खाका तैयार कर लिया गया है। इसे लेकर उत्तर रेल महाप्रबंधक आरके कुलश्रेष्ठ ने अपने पांचों मंडल प्रबंधकों के साथ बैठक कर पूरा खाका तैयार किया। हालांकि भीड़ के सामने हर साल रेलवे की सभी तैयारी अधूरी ही साबित होती है और यात्रियों को नियमित व स्पेशल दोनों ट्रेन में परेशान होना पड़ता है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचाने के लिए कई रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं तो नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। महाप्रबंधक आरके कुलश्रेष्ठ के अनुसार होली और गर्मी की छुट्टियों की तैयारी हमने अभी से कर ली है। उत्तर रेलवे सिर्फ होली के लिए 164 अतिरिक्त ट्रेनें चला रहा है, जो कुल 1953 फेरे लगाएंगी। इसके अलावा 96 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। होली के लिए 39 और गर्मी की छुट्टी के लिए 43 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जिनमें दिल्ली के आसपास के इलाकों से होली के लिए 28 और गर्मी की छुट्टी दिनों के लिए 19 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी।
पत्रकार वार्ता में कुलश्रेष्ठ ने बताया कि इन सभी ट्रेनों को मिलाकर इस बार होली के लिए विशेष रूप से 20 हजार 233 अतिरिक्त बर्थ और स्थायी रूप से 40 हजार से ज्यादा बर्थ की संख्या बढ़ी है। कुल अतिरिक्त बर्थ की बात करें तो 62 हजार 588 अधिक बर्थ स्थायी रूप से बढ़ाया गया है, जो पिछले साल की अपेक्षा 45 हजार ज्यादा है।