मध्य रेलवे ने कोविड-19 संक्रमण पर काबू करने की दलील देकर स्टेशनों पर भीड़भाड़ रोकने के लिए महाराष्ट्र के नागपुर और भुसावल संभागों में कुछ प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दामों मे वृद्धि की है। जानिए मध्य रेलवे के तहत आने वाले स्टेशनों पर अब प्लेटफॉर्म टिकट की कितनी होगी कीमत।
रेलवे के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दस मार्च को लिए गए निर्णय के अनुसार महाराष्ट्र के भुसावल संभागों में नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, मडगांव, शेगांव, अकोला, अमरावती और मध्य प्रदेश के खंडवा स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत अब 50 रुपये होगी। नागपुर स्टेशन पर अब प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपये का होगा जबकि नागपुर संभाग के बैतूल, चंद्रपुर, बल्हारशाह और वर्धा स्टेशनों पर 30 रुपये में प्लेटफॉर्म टिकट मिलेगा। इससे पहले इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम 10 रुपये होते थे। प्लेटफॉर्म टिकटों में वृद्धि का यह फैसला भुसावल संभाग में 10 जून और नागपुर संभाग में आठ जून तक लागू करेगा।
वर्षों से बढ़ाए जा रहे हैं प्लेटफॉर्म टिकट के दाम
मध्य रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि (प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने का) सिलसिला वर्षों से चल रहा है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कभी-कभार कुछ समय के लिए ऐसा किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसा अकसर त्योहारी मौसम और मेलों आदि के दौरान किया जाता है और फिर धीरे-धीरे दाम घटा दिए जाते हैं। इस बार कोविड-19 महामारी से उपजे हालात से निपटने के लिये ऐसा किया गया है। जनहित में यह फैसला लिया गया है।