जाना था जापान पहुंच गए चीन..यानी यानी हो गई गलती। वैसे रेलवे भी ऐसी गलतियां कई बार करता है। अब नॉर्दन रेलवे के लॉग ऑपरेटर ने भी ऐसी ही गलती कर दी ट्रेन को जाना था नई दिल्ली स्टेशन पर उसे सिग्नल पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का दे दिया फिर क्या था ट्रेन भी पहुंच गई पुरानी दिल्ली।
ट्रेन के इस कर्मचारी की गलती की वजह से हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे ने गलत स्टेशन पर
ट्रेन पहुंचाने वाले अधिकारी असलम को सस्पेंड कर दिया है।
लॉग ऑपरेटर यात्रियों की दो ट्रेनों के नंबरों पानीपत-नई दिल्ली (64464) और सोनीपत-पुरानी दिल्ली (64004) के कारण असमंजस में पड़ गया। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक दोनों ही ट्रेन सुबह 7.38 पर दिल्ली के सदर बाजार रेलवे
स्टेशन पर पहुंचीं।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता नितिन चौधरी ने कहा कि दोनों ही ट्रेनों के पहुंचने का समय एक ही था। लॉग ऑपरेटर गलती से पानीपत-नई दिल्ली ट्रेन को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन ले गया। जैसे ही उसे गलती का पता चला वैसे ही उसने ट्रेन को
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ मोड़ दिया।
रेलवे अधिकारी ने आगे कहा कि काफी कम ही ऐसा हो जाता है कि नियमित रूप से एक स्थान पर जाने वाली ट्रेन गलत स्थान पर चले जाए। नियमित रूप से चलने वाली ट्रेन में ऐसा नहीं होता है क्योंकि अधिकारी और ऑपरेटर ट्रेनों के नंबर, उनके मार्गों और नामों से परिचित होते हैं।
आधिकारी ने आगे बताया कि पिछले साल भी ऐसा ही हुआ था जब एक ट्रेन को टुंडला पहुंचना था पर वह गलती से मुरादाबाद पहुंच गई।