सीएजी की रिपोर्ट के बाद रेलवे ने ट्रेनों के एसी कोच से कंबल हटाने की चरणबद्ध प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंबल उपलब्ध कराने की बजाय रेलवे कोच में तापमान को नियंत्रित रखेगा जिससे कि यात्रियों को ठंड ना लगे।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ‘नो ब्लैंकेट रूल’ को जम्मू मेल के थर्ड एसी कोच में लागू किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय ने यात्रियोें से ट्रेनों में कंबल नहीं होने की व्यवहार्यता संबंधी आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एक बार यह पता लग जाए कि कितने लोग कंबल की मांग करते हैं और कितने लोगों को कंबल की जरूरत नहीं है तो इसके बाद हम अन्य ट्रेनों में इस प्रोजेक्ट को लागू करने के बारे में निर्णय पर पहुंच सकेंगे।
रेलवे दिल्ली से जम्मू ट्रेन के कंपार्टमेंट में थर्मल कंट्रोल और तापमान को नियंत्रित कर रहा है। कंपार्टमेंट में तापमान को मौजूदा 19 डिग्री के स्थान पर 24-26 डिग्री सेल्सियस तक रखा जा रहा है जिससे यात्री को आराम हो और उन्हें कंबल की जरूरत ना पड़े।