महाराष्ट्र के ठाणे जिले में ट्रेन लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। इससे राजेंद्र नगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस में सवार हजारों लोगों की जान बच गई। रविवार सुबह ठाणे के पास ट्रेन की पटरी टूटी हुई थी, लेकिन सही समय पर लोको पायलट की उस पर नजर पड़ गई और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर हजारों यात्रियों की जान बचा ली।
सेंट्रल रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना आज सुबह 9.45 मिनट की है जब ट्रेन खडावली और टिटवाला स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। तभी ड्राइवर को पटरी बीच से टूटी हुई दिखाई दी और उसने इमरजेंसी ब्रेक का उपयोग करते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
यह ट्रेन पटना के राजेंद्रनगर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि उस वक्त ट्रेन को लोको पायलट एस मुरुगन चला रहे थे। सेंट्रल रेलवे के मुख्य प्रवक्ता ने मुताबिक ट्रैक को बाद में ठीक कर दिया गया है और अब यह सुरक्षित है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि एस मुरुगन को उनकी इस सतर्कता और सूझबूझ के लिए सम्मानित किया जाएगा।