कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में आने से असमर्थता जताई है। दोनों नेताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले उद्धव को इस संबंध में पत्र लिखा।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पत्र में कहा, 'मुझे शपथ ग्रहण में नहीं पहुंच पाने का बहुत खेद है।' उन्होंने कहा, 'जब देश में भाजपा की वजह से खतरा मंडरा रहा है, तब असाधारण परिस्थितियों में शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस एक मंच पर आए हैं। राजनीतिक माहौल काफी जहरीला हो गया है और अर्थव्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'किसानों को बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस, शिव सेना और एनसीपी तीनों न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर सहमत हुए हैं। मुझे विश्वास है कि तीनों दल इन घोषणाओं को लागू करने में सफल होगी। महाराष्ट्र की जनता को पारदर्शी, जिम्मेदार गठबंधन की जरूरत है। मुझे भरोसा है कि हम ऐसा करने में सफल रहेंगे।'
इसी तरह राहुल गांधी ने उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, 'शपथ ग्रहण समारोह में बुलाने के लिए आपका बहुत आभार। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दौरान मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। मुझे खेद है कि मैं इस कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाउंगा।'
मनमोहन सिंह भी नहीं आए
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी पत्र लिखकर उद्धव ठाकरे को अपनी शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने कहा, 'मुझे यह जानकार काफी खुशी हो रही है कि आप महाराष्ट्र के 19वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले रहे हैं। यह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है और मैं आपकी नेतृत्व क्षमता की सराहना करता हूं।'