कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय एवं तकनीकी मामलों पर अमेरिका में वैश्विक चिंतकों, राजनीतिक नेताओं और वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों के साथ वार्ता करेंगे।
पढ़ें: शिंदे ने बताया, सीएम पद और टिकटों के लिए कहां होगा अंतिम फैसला
करीब दो सप्ताह की अपनी अमेरिकी यात्रा में 47 वर्षीय राहुल गांधी बर्कले में स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में सोमवार को समकालीन भारत एवं विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की आगे की राह पर व्याख्यान देंगे। इससे पहले 1949 में भारत के पहले प्रधानमंत्री एवं राहुल गांधी के परदादा जवाहर लाल नेहरू ने भी बर्कले में भाषण दिया था।
राहुल गांधी की यात्रा की तैयारियां मशहूर प्रोद्यौगिकीविद् सैम पित्रोदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न्यूयार्क में प्रवासी भारतीयों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष की ‘सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस’ के एक समारोह में थिंक टैंक समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की योजना है।
अमेरिका-भारत व्यापार परिषद के एक अन्य कार्यक्रम में कॉरपोरेट विश्व के साथ वार्ता करेंगे। पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सदस्यों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कई बार अमेरिका की यात्रा की है लेकिन उनके राजनीतिक जीवन में यह पहली बार है जब वह जनसभा करेंगे, राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेंगे और देश में भाषण देंगे।
पढे़ं: सुष्मिता देव को महिला कांग्रेस की कमान, शोभा ओझा को हटाया, दीपक बाबरिया मध्य प्रदेश के प्रभारी
इसके अलावा राहुल गांधी प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही सिलिकॉन वैली के लोगों से मिलेंगे जहां तकनीक, प्रतिभा और भारतीय दिमागी शक्ति केंद्रित है।