कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वित्त मंत्री के दैवीय घटना वाले बयान को लेकर शुक्रवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण जीएसटी और विफल लॉकडाउन के कारण अर्थव्यवस्था तबाह हो गई।
गौरतलब है कि वित्त मंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा था कि अर्थव्यवस्था कोविड-19 महामारी से प्रभावित हुई है, जो कि एक दैवीय घटना है और इससे चालू वित्त वर्ष में इसमें संकुचन आयेगा।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने शुक्रवार को ट्वीट कर राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे जीएसटी के मुआवजे के मुद्दे पर केंद्र की ओर से दिए गए विकल्प को नकार दें और एक स्वर में राशि की मांग करें।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को जीएसटी परिषद की बैठक में केंद्र ने राज्यों के सामने विकल्प दिया कि वे मौजूदा वित्त वर्ष में जरूरी राजस्व के लिए कर्ज ले सकते हैं और इसमें केंद्र की तरफ से मदद की जाएगी।