राहुल गांधी ने प्रवेश वर्मा पर साधा निशाना
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने रविवार को राजधानी में एक सड़क निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर भ्रष्टाचार के सवाल पर एक युवक को थप्पड़ मार दिया। जिस पर विपक्ष ने जोरदार हमला बोला है। मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके निशाना साधा है।
राहुल बोले- सवाल पूछने पर थप्पड़'
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है।
सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़।
पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी।
संसद में सवाल पूछो - माइक बंद।
ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब ये डर ही नहीं कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है - सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रजामंदी नहीं चाहिए - आपकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।
क्या है पूरा मामला
रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें मंत्री प्रवेश वर्मा एक सड़क निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर भ्रष्टाचार के सवाल पर एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जब युवक सड़क की खराब स्थिति का वीडियो बना रहा था, तब तीखी झड़प के बाद मंत्री ने उसका फोन नीचे गिराया और उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उनके सुरक्षा गार्ड ने युवक को वहां से हटाया।