राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर अपनी प्रेस कांफ्रेंस में पीएम मोदी का इंटरव्यू लेने वाली एएनआई की संपादक स्मिता प्रकाश पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी से सवाल भी पूछ रही थीं और जवाब भी खुद ही दे रही थीं।
राहुल के इस बयान पर स्मिता प्रकाश ने तुरंत पलटवार किया। स्मिता प्रकाश ने भी ट्वीट कर राहुल गांधी को इसका जवाब दिया। उन्होंने लिखा- डियर मिस्टर राहुल गांधी, आपने प्रेस कांफ्रेंस में मुझ पर हमला किया है। मैं सवाल पूछ रही थी, जवाब नहीं दे रही थी।
उन्होंने आगे कहा- अगर आप पीएम मोदी पर हमला करना चाहते हैं तो आगे बढ़ें, लेकिन मेरा उपहास करना बेतुका है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के अध्यक्ष से ऐसी उम्मीद नहीं है।
बता दें कि कल यानी मंगलवार को स्मिता प्रकाश ने पीएम मोदी का 95 मिनट तक इंटरव्यू लिया था। जिसमें उन्होंने कई मुद्दों पर सवाल किए थे। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर राफेल पर सवाल किए थे। उनके इंटरव्यू को सभी चैनलों ने प्रमुखता से दिखाया था। इसके बाद आज राहुल गांधी ने उनके इंटरव्यू को लेकर स्मिता प्रकाश पर पक्षपात का आरोप लगाया है।