पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐतिहासिक दांडी मार्च की वर्षगांठ के मौके पर शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारत आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की अगुवाई वाली अधिनायकवादी ताकतों की गिरफ्त में जा रहा है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'गांधी जी के दांडी मार्च ने पूरी दुनिया को आजादी का एक साफ संदेश दिया था।'
उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में ‘नमक सत्याग्रह’ की घोषणा करते हुए 78 लोगों ने 12 मार्च 1930 से दांडी यात्रा शुरू की थी।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यह भी कहा, 'भारत आरएसएस की अगुवाई वाली अधिनायकवादी ताकतों की गिरफ्त में तेजी के साथ जा रहा है। ऐसे में हमें सामूहिक स्वतंत्रता के प्रति अपनी निजी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहिए। चलिए महात्मा गांधी के उदाहरण से मार्गदर्शन लें और आजादी की तरफ अपना मार्च जारी रखें। जय हिंद।'
'
छात्र नौकरी चाहते हैं और सरकार क्या दे रही है...'
इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्र नौकरी चाहते हैं, लेकिन सरकार उन्हें पुलिस के डंडे, पानी की बौछार, ‘राष्ट्र विरोधी का टैग’ और बेरोजगारी दे रही है। कांग्रेस ने रोजगार के मुद्दे पर ‘स्टूडेंट्स वांट जॉब्स’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान चलाया। इस अभियान के तहत राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘छात्र नौकरी चाहते हैं, लेकिन सरकार दे रही है-पुलिस के डंडे, वॉटर गन की बौछार, एंटी नेशनल का टैग और बेरोजगारी।’
कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने बेरोजगारी के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘विज्ञापन की सरकार, झूठा सारा प्रचार, ट्विटर पर बांटे नौकरी, युवा को किया दरकिनार, योगीजी, ये जो पब्लिक है, सब जानती है।’ प्रियंका ने यह भी कहा, ‘उप्र के युवाओं से 70 लाख नौकरियों का वादा था, मगर लाखों पद खाली पड़े हैं। युवा भर्तियों, परिणामों व ज्वाइनिंग का इंतजार करते-करते परेशान हैं।’