कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता की घटना को लेकर सोमवार को कहा कि महिलाओं पर कब तक वार सहन किया जाएगा। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, 'एक और निर्भया! कब तक सहेंगे नारी पर वार?'
गौरतलब है कि सीधी जिले में चार लोगों ने कथित तौर पर 45 वर्षीय विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसके निजी अंगों में लोहे की छड़ डाल कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
अमिलिया थाने के प्रभारी निरीक्षक दीपक बघेल ने बताया कि सीधी जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर एक गांव में शनिवार रात को यह घटना हुई है। पीड़िता के पति का चार साल पहले निधन हो चुका है। वह छोटी बहन और दो बच्चों के साथ गांव में ही एक झोपड़ी में रहती है।
सीधी जिले में तीन हैवानों ने एक महिला से पहले पीने के लिए पानी मांगा। इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जब इतने से भी मन नहीं भरा तो दुराचारियों ने महिला के प्राइवेट पार्ट में लोहे का सरिया डाल दिया। पीड़िता का रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है।