कांग्रेस इसे बनाएगी अब बड़ा मुद्दा
कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की सदस्यता बहाली पार्टी के लिए एक बड़ी जीत और बूस्टर डोज के तौर पर देखी जा रही है। कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी कहते हैं कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता की बहाली देश के हर उस नागरिक के लिए जीत है, जो लोकतंत्र में भरोसा करता है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाली को वह एक बड़ी जीत के तौर पर समूचे देश के लोगों से घर-घर जाकर साझा भी करेंगे। सियासी जानकारों का मानना है कि कांग्रेस पार्टी की रणनीति उसे आने वाले चुनावों में एक बड़े सियासी फायदे के रूप में दिख रही है। राजनीतिक विश्लेषक ओपी तंवर का मानना है कि राहुल गांधी का वायनाड दौरा एक तरह से उनका बड़ा सियासी शॉट माना जा रहा है।
मोदी सरनेम को लेकर साल 2019 में राहुल गांधी ने एक टिप्पणी की थी, जिसके चलते उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर हुआ था। इस मामले में सूरत की अदालत ने राहुल गांधी को दोषी माना और उन्हें दो साल की सजा सुनाई। दो साल की सजा मिलने के चलते जनप्रतिनिधि कानून के प्रावधान के तहत राहुल गांधी को 24 मार्च 2023 को संसद सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। सजा के खिलाफ राहुल गांधी ने गुजरात हाई कोर्ट में अपील की, लेकिन गुजरात हाई कोर्ट ने भी राहुल गांधी की सजा बरकरार रखी। जिसके बाद राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। जहां सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी। सजा पर रोक लगने के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता फिर बहाल हो गई है।