नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज ईडी के समक्ष पूछताछ के लिए पेश नहीं हो सकेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल अभी विदेश यात्रा पर हैं और वे संभवत: 5 जून को स्वदेश लौटेंगे। ईडी को राहुल गांधी के दिल्ली में नहीं होने की सूचना दे दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी देश से 19 मई को रवाना हुए थे। वे 20 से 23 मई के बीच लंदन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। उसके बाद से वे भारत नहीं लौटे हैं। राहुल गांधी के 5 जून तक स्वदेश लौटने की उम्मीद है। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए वह नई तारीख मांगेंगे। बता दें, ईडी ने इस बहुचर्चित मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को 8 जून को और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 2 जून को पूछताछ के लिए पेश होने का समन भेजा था।
ईडी के नोटिस से नहीं टूटेगा सोनिया-राहुल का हौसला : कांग्रेस
ईडी के समन पर कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा कि, 'जब कांग्रेस अंग्रेजों व उनके अत्याचार से नहीं डरी तो ईडी के नोटिस कैसे सोनिया गांधी जी व राहुल गांधी जी तथा पार्टी का हौसला तोड़ सकते हैं? हम जीतेंगे, झुकेंगे नहीं। हम नहीं डरेंगे।'