कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि भाजपा एनआरसी को लेकर असम, पश्चिम बंगाल में सामाजिक ताने-बाने को तोड़नेका षड्यंत्र कर रही है।
सुरजेवाला का कहना है कि कांग्रेस एनआरसी के विरोध में नहीं है। पार्टी उसकी प्रक्रिया का विरोध कर रही है। कांग्रेस का मानना है कि असम में नेपाली, बांग्लादेशी, हिन्दू, अल्पसंख्यक, गोरखा, सैनिक, समाजसेवी, देश के दूसरे हिस्सों के तमाम लोग रह रहे हैं। इसलिए कांग्रेस का मानना है कि वहां हर भारतीय को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए भरपूर पारदर्शी अवसर मिलना चाहिए।
मोदी सरकार फेल
कांग्रेस कार्यसमिति का मानना है कि मोदी सरकार चार साल के कामकाज में फेल हुई है। वह रोजगार नहीं दे पा रही है, अर्थव्यवस्था चरमराई है, भ्रष्टाचार के मामले में उसके पास जवाब नहीं है। इसलिए मोदी सरकार एनआरसी जैसे मुद्दों पर देश के सामाजिक तानेबाने को तोड़ने का षड्यंत्र कर रही है। कांग्रेस कार्यसमिति ने निर्णय लिया है कि वह मोदी सरकार और भाजपा के इस प्रयास को कामयाब नहीं होने देगी। इसके अलावा बैठक में राफेल डील में घोटाले पर चर्चा हुई। बैंकिंग फ्राड और सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।