कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंती ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत में कोरोना की पर्याप्त जांच नहीं हो रही है और ऐसे में लोगों से तालियां बजवाने एवं दीये जलवाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
महाराष्ट्र सरकार के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने आशंका जताई है कि एक साथ नौ मिनट के लिए सभी बत्तियां बुझाने से कई राज्यों के ग्रिड धराशायी हो सकते हैं और पूरे देश में अंधेरा छा सकता है। राउत ने शुक्रवार रात जारी अपने बयान में लोगों से अपील की कि इस स्थिति से बचने के लिए रविवार को मोमबत्ती और दीये जलाने के दौरान घरों की जरूरी बत्तियों को नहीं बुझाएं।
बता दें कि भारत में अब तक कोरोना वायरस महामारी से 68 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से देश भर में 2900 से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। ऐसे में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार की तरफ से देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है। जनता कर्फ्यू के बाद यह प्रधानमंत्री की देश के लोगों से इस तरह की दूसरी अपील है।