कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में मंगलवार को अदालत ने निजी तौर पर पेश होने से छूट दे दी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल के खिलाफ यह मुकदमा गुजरात के एक विधायक ने उनकी ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी पर किया था। अदालत अब 10 अक्तूबर को मामले की सुनवाई करेगी।
भाजपा विधायक पुरनेश मोदी ने धारा 499 व 500 के तहत राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। सूरत (पश्चिम) सीट से विधायक पुरनेश ने शिकायत की थी कि 13 अप्रैल को कर्नाटक की एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि ‘नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी...कैसे सभी चोरों का एकसमान मोदी उपनाम है’। पुरनेश ने आरोप लगाया था कि राहुल के इस बयान से पूरे मोदी समुदाय की मानहानि हुई है।