गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के हाल ही में पता चला है कि कक्षा 12वीं के 959 छात्र-छात्राएं सामूहिक नकल में शामिल थे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इन छात्रों ने सभी प्रश्नों के उत्तर एक जैसे, एक ही क्रम में लिखे, और तो और उन छात्रों ने गलतियां भी एक ही जैसी की हैं।
सूत्रों के मुताबिक कुछ छात्रों ने जांच समिति को बताया कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर शिक्षक ने बोल-बोल कर उत्तर लिखवाए थे। सभी छात्रों ने बाहरी छात्र के तौर पर प्रवेश लिया था, लेकिन सामान्य छात्र के दर्जे के लिए 35 हजार रुपये दिए थे, भले ही वह चंद दिनों के लिए ही स्कूल आए हों। गुजरात बोर्ड के इतिहास में सामूहिक नकल की यह अकेली इतनी बड़ी घटना है। जिन विषयों मे सामूहिक नकल के मामले सामने आए हैं उनमें अकाउंटिंग, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य और सांख्यिकी शामिल हैं।