डेल्टा के मामले में राजस्थान सरकार कह रही है कि ये हत्या नहीं, आत्महत्या है
- फोटो : Social Media
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को राजस्थान दौरे के दौरान केन्द्र व राज्य सरकारों, भाजपा और आरएसएस को जमकर कोसा। उन्होंने केन्द्र सरकार और भाजपा के लिए कहा कि अंबेडकर की प्रतिमाएं लगाएं, लेकिन उनकी तरह न्याय के सिद्धांत पर भी चलें। राहुल पहले बाड़मेर के त्रिमोही गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दलित छात्रा डेल्टा मेघवाल के परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए। इस नाबालिग छात्रा और रोहित वेमुला को न्याय मिले। इसके बाद जयपुर पहुंचकर उन्होंने दलित सम्मेलन को सम्बोधित किया।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा वेमुला को दलित नहीं मानती और डेल्टा मेघवाल की हत्या को आत्महत्या कहा जा रहा है। रोहित वेमुला के मामले में केन्द्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के लिए राहुल गांधी ने कहा कि वे कहती हैं कि ये दलित ही नहीं है। उन्होंने कहा कि डेल्टा के मामले में राजस्थान सरकार कह रही है कि ये हत्या नहीं, आत्महत्या है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे घमंड में चूर हैं और उन्हें दलितों की परेशानियां नहीं दिख रहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस चाहते हैं कि स्कूल बने, लेकिन दलित का बच्चा अकेला बैठे। स्कूल में पानी की टंकी से दलित बच्चा पानी पीना चाहे, तो नल कोई और खोले। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने की राजनीति करती है, लेकिन मोदी सरकार ऐसा नहीं करती।
इससे पूर्व त्रिमोही गांव में राहुल ने डेल्टा के परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि छात्रा के साथ अन्याय हुआ है। राजस्थान की सरकार न्याय की राह पर नहीं है। यह राजनीतिक मामला नहीं है। गौरतलब है कि गत 29 मार्च को सुबह 17 वर्षीय दलित छात्रा बीकानेर के नोखा में एक प्रशिक्षण संस्थान में पानी की टंकी में मृत पाई गई थी। उसके पिता का आरोप है कि संस्थान के शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक ने उसके साथ बलात्कार किया था।