कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों लंदन दौरे को लेकर चर्चा और विवादों में हैं। लंदन में एक कार्यक्रम में अपने बयानों को लेकर और भारत विरोधी नेता जेरेमी कोर्बिन से मुलाकात को लेकर भाजपा के निशाने पर हैं। अब एक अन्य वीडियो को लेकर भी राहुल आलोचना का शिकार बन रहे हैं। इस वीडियो में राहुल एक सवाल का जवाब नहीं दे पाते हैं और काफी देर तक असमंजस में बैठे रहते हैं। भाजपा नेता राहुल गांधी का ये वीडियो शेयर कर जमकर खिंचाई कर रहे हैं।
चर्चा के दौरान बुरी तरह फंसे राहुल
राहुल गांधी इन दिनों ब्रिटेन की यात्रा पर हैं और विभिन्न मंचों पर अपनी बात रख रहे हैं। एक चर्चा के दौरान वह एक सवाल के जवाब में बुरी तरह अटक गए और मंच पर बड़ी देर तक खामोश बैठे रहे। वह कुछ बोलने की जद्दोजहद में दिखे लेकिन उनके मुंह से शब्द ही नहीं निकल रहे थे। ये वीडियो अब वायरल हो रहा है।
दरअसल, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला ने राहुल गांधी से भारतीय समाज में हिंसा और अहिंसा को लेकर सवाल पूछा। जवाब में राहुल गांधी कुछ देर तक चुप रहते हैं। उनके हावभाव से लग रहा था कि जैसे वो कुछ सोच रहे हैं, समझने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बोल नहीं पा रहे हैं। बीच-बीच में बोलने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर अटककर चुप हो जाते हैं।
राहुल बोले- मैं अभी सोच रहा हूं...
हालांकि इसी दौरान कुछ लोग वहां तालियां बजाकर उनकी हौसला अफजाई करते हैं, इस पर राहुल गांधी भी हंसने लगते हैं और कहते हैं कि मैं सोच रहा हूं कि क्या बोलूं। इस बीच महिला एंकर कहती है कि मेरा मकसद आपको स्टंप करने का नहीं था। राहुल कहते हैं, नहीं मैं स्टंप नहीं हुआ हूं, जवाब के लिए गहराई से सोच रहा हूं। इसके बाद भी वह कुछ बोल नहीं पाते हैं।
भाजपा ने ली चुटकी
राहुल गांधी के इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ट्विटर पर लिखा-कृपया ज्यादा प्रभावी इंटरव्यू के लिए बिना तैयारी या कोचिंग के प्रेस से बात ना करें।
राहुल गांधी इस वक्त ब्रिटेन के दौरे पर हैं। लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सटी में राहुल गांधी के भारत पर दिए गए बयान पर भाजपा ने उन्हें घेरा है। राहुल ने 'आइडिया फॉर इंडिया' कॉन्क्लेव में चर्चा में हिस्सा लिया था और इस दौरान कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और भारत के संविधान पर हमला हो रहा है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हर मुद्दे पर जानबूझकर चुप रहने का भी आरोप लगाया था। इसे लेकर कांग्रेस-भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।