बिहार में जीते तो बिल को कूड़ेदान में फेंक देंगे- तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी बिहार में सत्ता में आई तो संसद में पारित वक्फ (संशोधन) विधेयक को कूड़ेदान में डाल दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी ने विधेयक को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके ये साबित करने की कोशिशें पूरी तरह नाकाम हो गई हैं कि इस विधेयक से मुसलमानों को फायदा होगा।
यह भी पढ़ें -
Waqf: भाजपा पर कितना असर, क्या बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश को लाभ? बंगाल-तमिलनाडु में सियासत गरमाने के आसार
भाजपा नेता आखिरी तक समर्थन की कोशिश करते रहे- राउत
वहीं शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने दावा किया कि केंद्र और भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के शीर्ष नेता आखिरी क्षणों तक वक्फ संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए समर्थन मांगने के वास्ते उनकी पार्टी के संपर्क में थे। उन्होंने दावा कि भाजपा ने नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) पर लोकसभा में विधेयक का समर्थन करने के लिए आखिरी क्षण तक दबाव डाला।
दोनों सदनों से पारित हुआ वक्फ संशोधन विधेयक
संसद ने शुक्रवार को सुबह वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को मंजूरी दे दी, जिसे 13 घंटे की मैराथन बहस के बाद राज्यसभा ने पारित कर दिया। राज्यसभा में इस विधेयक को 128 मतों के पक्ष में और 95 मतों के विरोध में मंजूरी दी गई। इससे पहले, लोकसभा ने इसे 288 सदस्यों के समर्थन से पारित किया था, जबकि 232 ने इसके खिलाफ मतदान किया था।