कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गुरुवार को कुछ मुहावरों का उदाहरण देकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उनके इस ट्वीट को फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेत्री तापसी पन्नू के यहां हुई आयकर विभाग की छापेमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता का कहना है कि केंद्र सरकार सीबीआई को अपनी अंगुली पर नचाती है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'कुछ मुहावरे: अंगुलियों पर नचाना- केंद्र सरकार आईटी विभाग, ईडी-सीबीआई के साथ ये करती है। भीगी बिल्ली बनना- केंद्र सरकार के सामने मित्र मीडिया। खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे- जैसे केंद्र सरकार किसान-समर्थकों पर रेड कराती है।'
बता दें कि वायनाड से सांसद राहुल गांधी की तरफ से लगातार सोशल मीडिया के जरिए मोदी सरकार पर तीखे वार किए जा रहे हैं। भारत और चीन के बीच तनातनी से लेकर देश की अर्थव्यवस्था तक को लेकर वे मोदी सरकार पर निशाना साधते रहते हैं। वहीं विपक्षी पार्टियों ने इसे सरकार की बदले की कार्रवाई करार दिया है।
राहुल गांधी से पहले महाराष्ट्र सरकार, महाराष्ट्र कांग्रेस, शिवसेना समेत अन्य विपक्षी पार्टियों ने इस छापेमारी का विरोध किया है। महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री अशोक चव्हाण ने पिछले दिनों कहा था कि मोदी सरकार की ये कार्रवाई दर्शाती है कि वो बदले की भावना से काम कर रही है।
वहीं शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा था, 'उम्मीद है कि जल्द ही हमारा आयकर विभाग बंधुआ मजदूरी की स्थिति से बाहर निकल जाएगा। ठीक इसी तरह की कामना ईडी और सीबीआई के लिए भी हैं।' गौरतलब है कि आयकर विभाग की कई टीमों ने हाल ही में मुंबई-पुणे की लगभग 30 जगहों पर छापेमारी की।