लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्लूसी) की बैठक से पहले सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बीच लंबी मंत्रणा हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी, मोतीलाल वोरा, अहमद पटेल, अशोक गहलौत सहित कई नेता शामिल रहे। ये सभी नेता सीडब्लूसी की बैठक से करीब दो घंटे पहले सोनिया गांधी के आवास पर पहुंच गए थे।
माना जा रहा है कि राहुल गांधी सीडब्लूसी की बैठक में इस्तीफा देंगे तो उसके बाद की रणनीति क्या होगी, इन सब बातों पर गहन विचार विमर्श किया गया। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी ने इस बारे में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के साथ कुछ देर तक अलग से चर्चा की है। इसके बाद राहुल गांधी एवं दूसरे कई नेताओं से बातचीत की गई।
इस बैठक में कांग्रेस पार्टी के नेता पी. चिदंबरम भी पहुंचे थे। सोनिया गांधी के आवास पर चली बैठक खत्म होने के बाद सभी नेता सीडब्लूसी की बैठक में भाग लेने के लिए चले गए। खास बात है कि इससे पहले जितनी भी सीडब्लूसी की बैठक हुई हैं, उनमें सोनिया गांधी कभी अकेले नहीं आईं। उनके साथ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, अहमद पटेल या दूसरे वरिष्ठ नेता रहे हैं। शनिवार सुबह 11 बजे सोनिया गांधी अपने आवास से पैदल ही कांग्रेस दफ्तर पहुंची थीं।
सोनिया के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आए थे। इन सब नेताओं से पहले डॉ. मनमोहन सिंह, पी चिदंबरम, अहमद पटेल और अशोक गहलौत एआईसीसी दफ्तर में पहुंच चुके थे। राहुल गांधी जब सोनिया गांधी के आवास से निकले तो उनके साथ प्रियंका गांधी और आरपी सिंह सहित कई नेता चल रहे थे। जैसे ही राहुल गांधी बैठक स्थल के करीब पहुंचे तो उन्होंने अकेले ही सीडब्लूसी हॉल में प्रवेश किया।