कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा एक बार फिर सवालों के घेरों में हैं। अंग्रेजी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के अनुसार, भगोड़े आर्म्स डीलर संजय भंडारी ने दो बार वाड्रा के विदेश आने-जाने का खर्चा उठाया था।
भंडारी और वाड्रा के बीच लिंक होने का मामला उस वक्त उठा जब भंडारी पर आरोप लगा कि उसने वाड्रा के लंदन स्थित फ्लैट का रेनोवेशन करवाया था।
चैनल के मुताबिक साल 2012 के अगस्त में भंडारी के ट्रैवल एजेंट ने वाड्रा के लिए टिकट बुक की थी, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये थी। दिल्ली के पहाड़गंज की ट्रैवल एजेंसी इंटरनेशनल ट्रैवल होम की ओर से भंडारी को टिकट की जानकारी से जुड़ी ईमेल भेजी गई थी। एजेंट ने लिखा था कि अमीरात एयरलाइंस की टिकट बुक कर दी गई है जिसका नंबर EK71 है।
पढ़ें: फेसबुक पोस्ट पर वाड्रा ने बयां किया दर्द, बोले- सरकार कर रही परेशान
इसके बाद 17 अगस्त को एक और ईमेल भेजी गई, जिसमें बताया गया कि वाड्रा की स्विट्जरलैंड के ज्यूरिक के लिए बिजनेस क्लास में टिकट बुक की गई है। टिकटों की जानकारी लीक होने के बाद वाड्रा पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वाड्रा ने इन टिकटों पर सफर किया था या नहीं।
गौरतलब है कि संजय भंडारी इनकम टैक्स और ईडी की जांच के दायरे में हैं और आयकर विभाग ने पिछले साल अप्रैल में उनके ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। ईडी ने भंडारी की करीब 20 करोड़ की संपत्ति और चार महंगी कारों को जब्त किया था।