आरएसएस ने पुलवामा आतंकी हमले को भारत के खिलाफ अप्रत्यक्ष युद्ध जैसी स्थिति बताया है। संगठन ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि पूरे देश में रोज कहीं न कहीं वीर सैनिक अपने जीवन का बलिदान दे रहे हैं जिससे देश के लोग शांति से रह सकें। ऐसे में लोगों को शहीद जवानों के परिवारों की चिंता करनी चाहिए जिससे उनके पालन पोषण में कोई कमी न रह जाए।
संगठन ने भारत के वीर ऐप के जरिये शहीद परिवारों की मदद की अपील की है। शहीद परिवारों को योगदान देने के लिए सीधा गृह मंत्रालय द्वारा संचालित 'भारत के वीर' ऐप या https://bharatkeveer.gov.in वेबसाइट पर जाया जा सकता है। इस पर किसी एक परिवार की मदद भी की जा सकती है। लेकिन अगर कोई व्यक्ति सभी शहीदों के परिवारों के लिए एक साथ मदद करना चाहता है तो इसके लिए भी विकल्प मौजूद हैं।
आरएसएस के मुताबिक उसके कार्यकर्ता देश पर शहीद होने वाले परिवारों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इस मामले में भी वे आगे बढ़कर मदद करेंगे। संगठन ने लोगों से अपील की है कि मुश्किल की इस घड़ी में वे सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखें और देश के जवानों का हौसला बढ़ाएं।