बंगाल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में प्रदर्शनकारियों ने पानीहाटी नगर निकाय के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे पर ईंटें और अंडे फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। डे को 2024 में आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म और मर्डर की शिकार महिला का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
आरजी कर अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर से जुड़े दुष्कर्म और मर्डर मामले में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के आरोपों को लेकर गिरफ्तार पानीहाटी नगर निकाय के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे को शुक्रवार को खड़दह पुलिस स्टेशन लाया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शनकारियों ने उन पर ईंटें, पत्थर और अंडे फेंके, जिससे आरोपी को बचाने की कोशिश में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। टीएमसी नेता डे को बेंगलुरु से गिरफ्तार करने के बाद खड़दह पुलिस स्टेशन लाया गया था। महीनों तक फरार रहने के बाद उनकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
विज्ञापन
हेलमेट पहनाकर बाहर निकाला गया
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब डे को हेलमेट पहनाकर पुलिस स्टेशन से बाहर निकाला जा रहा था, तभी भीड़ ने आरोपी पर कच्चे अंडे, ईंटें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भीड़ से आरोपी को बचाने की कोशिश में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि डे को तुरंत पुलिस की गाड़ी में बैठाकर बैरकपुर कोर्ट ले जाया गया। पुलिस ने मामले में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने और सबूत मिटाने के आरोपों को लेकर कोर्ट से पूछताछ के लिए डे की कस्टडी मांगी है।
अंतिम संस्कार मामले में पहले से जेल में हैं दो आरोपी
पीड़िता का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के आरोप में खड़दह पुलिस स्टेशन में एक अलग मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में अन्य आरोपी पानीहाटी के पूर्व MLA निर्मल घोष और पूर्व पार्षद संजीव मुखोपाध्याय पहले से ही जेल में हैं। इससे पहले जब घोष और मुखोपाध्याय को पुलिस स्टेशन लाया गया था, तब भी ऐसी ही घटना हुई थी। उस विरोध प्रदर्शन में दोनों घायल हो गए थे और बाद में मुखोपाध्याय की आंखों की सर्जरी करानी पड़ी थी।
9 अगस्त 2024 को मृत मिली थीं ट्रेनी डॉक्टर
आरजी कर अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर 9 अगस्त, 2024 की सुबह सरकारी अस्पताल के सेमिनार रूम में मृत पाई गई थीं। बाद में जांच में सामने आया कि पिछली रात उनके साथ दुष्कर्म और मर्डर किया गया था।