केंद्र सरकार से सरना धर्म को मान्यता देने की मांग को लेकर शुक्रवार को बंगाल, असम, झारखंड, बिहार और ओडिशा के विभिन्न जिलों से हजारों आदिवासियों ने कोलकाता के रानी रासमनी एवेन्यू में जोरदार प्रदर्शन किया और रैली निकाली।
एक तो दुर्गापूजा का समय और फिर ऊपर से यह रैली। कुछ समय के लिए तो यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। इस कारण शुक्रवार सुबह हावड़ा और कोलकाता वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक को सामान्य करने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आदिवासी सेंगेल अभियान के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने केंद्र से सरना धर्म को मान्यता देने के साथ कुर्मी समाज को आदिवासी का दर्जा देने की अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। पूर्व सांसद सालखन मुर्मु के नेतृत्व में हुई इस रैली के जरिए आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने शक्ति प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान आदिवासी नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर कोलकाता के बाद दिल्ली में भी प्रदर्शन की घोषणा की। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की रैली निकाली गई थी, जिसमें हजारों लोग उपस्थित हुए थे।