गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर का इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शनिवार से राज्यपाल मृदुला सिन्हा का विरोध करने का एलान किया है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। इन्हें विपक्षी कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी का समर्थन प्राप्त है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता एरीस रोड्रिग्स ने शुक्रवार को कहा, पिछले नौ महीने से मुख्यमंत्री बीमार हैं और सरकार का काम ठप पड़ा है। राज्यपाल की सांविधानिक जिम्मेदारी है कि वह मामले में हस्तक्षेप करें, लेकिन वह चुपचाप तमाशा देख रही हैं। मंत्री अपने मन मुताबिक फैसले ले रहे हैं।
रोड्रिग्ज ने कहा कि शनिवार से न सिर्फ मुख्यमंत्री, बल्कि राज्यपाल का भी विरोध किया जाएगा। ऐसी स्थिति में उन्हें कार्रवाई करनी होगी ताकि राज्य में प्रशासन लौट सके। गौरतलब है कि परिकर के इस्तीफे की मांग को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता राजन घाटगे भी बीते आठ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।