पाकिस्तान ने कहा है कि 26/11 आतंकी हमले मामले में ट्रायल जारी है और उसमें समय लग रहा है। इसलिए इस मामले में तुरंत किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए, कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए।
भारत स्थित पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा कि 2008 में मुंबई हमले में लिप्त पाकिस्तानी नागरिकों पर मुकदमा चल रहा है। जल्द ही इस मामले में फैसला आने की उम्मीद है। वह शनिवार को एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में बोल रहे थे। बासित ने कहा कि ‘अपराध भारत में हुआ था। ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया में समय लगता है। हमारी सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। इसलिए इस मामले में तुरंत किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए। हमारे न्यायालय से अंतिम फैसले आने तक कृपया प्रतीक्षा करें।’
हालांकि बासित ने कहा कि न्याय दिलाने के लिए द्विपक्षीय सहयोग की जरूरत है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमें यह भी देखना जरूरी है कि 2007 में समझौता ब्लास्ट मामले के आरोपियों पर कार्रवाई में इतना समय क्यों लगा। उन्होंने कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप हमें कहीं नहीं पहुंचने देगा। यह नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान भी आतंकवाद का बहुत बड़ा शिकार रहा है।