PIB Fact Check: केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो ने चेतावनी दी कि कुछ पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया खाते फर्जी दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए हैं। यह दावे फर्जी हैं।
केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने सोमवार को चेतावनी दी कि कुछ पाकिस्तान समर्थन सोशल मीडिया खाते झूठा दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े 'गोपनीय दस्तावेज' लीक हो गए हैं। पीआईबी फैक्ट चेक ने इन दस्तावेजों को 'फर्जी' बताया।
विज्ञापन
पिछले हफ्ते आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के बायसरन इलाके में 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसमें ज्यादातर पर्यटक थे। एक बार फिर हमले के तार पाकिस्तान से जुड़ते हुए नजर आए। जिसके बात भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया।
पीआईबी फैक्ट चेक ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया खाते झूठा दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए हैं। ये दस्तावेज फर्जी हैं। कृपया बिना सत्यापित जानकारी को साझा करने से बचें और सटीक जानकारी के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।'
इससे पहले रक्षा मंत्रालय ने रविवार को चेतावनी दी थी कि एक 'गुमराह' करने वाला संदेश व्हाट्सएप पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरकार भारतीय सेना के आधुनिकीकरण के लिए दान लेने के लिए बैंक खाता खोलने वाली है। मंत्रालय ने इस संदेश को खारिज किया और लोगों से सावधान रहने की अपील की। पीआईबी फैक्ट चेक ने भी रविवार को इस भ्रामक संदेश के बारे में सतर्क किया था।
पहलगाम के क्रूर आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट सुरक्षा समिति (सीसीएस) की बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए गए। साथ ही सुरक्षा बलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने का संकल्प लिया गया।