यूपी में गन्ना किसान हमेशा से ही बकाया भुगतान को लेकर परेशान रहते आए हैं। लेकिन आज तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। देश में इन दिनों दिवाली का पर्व मनाया जा रहा है, लेकिन इस मौके पर भी किसानों के हाथ खाली रहेंगे।
दरअसल, बदायूं में शेखूपुर सहकारी चीनी मिल और यदु शुगर मिल ने यहां के किसानों को बकाया भुगतान नहीं किया है। ऐसे में किसानों की दिवाली फीकी रहने वाली है। बता दें कि सहकारी चीनी मिल शेखूपुर पर तीन करोड़ 87 लाख और यदु शुगर मिल पर किसानों का 112 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। हालांकि यह दोनों मिलें बस एक उदाहरण मात्र हैं। प्रदेश भर में गन्ना किसानों का इससे कहीं ज्यादा रुपया बकाया है।
बकाया भुगतान के लिए पेड़ पर चढ़ा किसान
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के ही मेरठ जिले में शुक्रवार को एक अजीब मामला सामने आया। यहां के मवाना क्षेत्र में ब्याज के साथ गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की मांग को लेकर एक किसान पेड़ पर चढ़ गया। दरअसल किसान एकता संघर्ष संगठन के अध्यक्ष शौकीन गुर्जर किसानों की ओर से यह मांग कर रहे थे।
अपनी मांग को लेकर शौकीन तहसील परिसर में ही लगे एक पेड़ पर चढ़ गए। कुछ देर बाद उन्हें देखकर उनका एक और साथी पेड़ पर चढ़ गया। यह जानकारी मिलने पर तहसीलदार, पुलिस, फायर ब्रिगेड, गन्ना समिति सचिव, मिल अधिकारियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें पेड़ से उतारा। हालांकि बाद में दोनों किसानों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।