पूरे देशभर में 8 अप्रैल को हनुमान जयंती मनाई जा रही है। हालांकि, लोग लॉकडाउन का पालन करते हुए अपने घरों में ही हैं। हनुमान जयंती के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमिताभ बच्चन की मां तेजी बच्चन को याद किया। प्रियंका ने तेजी बच्चन को याद करते हुए एक ट्वीट किया।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा है, 'श्रीमती तेजी बच्चन बड़ी हनुमान भक्त थीं। अक्सर मंगल को दिल्ली के हनुमान मंदिर में मुझे ले जाकर मेरे लिए कांच की चूड़ियां खरीदतीं और हनुमानजी की कथा सुनातीं। उनसे ही मैंने हनुमान चालीसा के कई छंद सीखे। अब वह नहीं हैं मगर उनकी भक्ति का प्रतीक ह्रदय में बसा है।" इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्विट कर लोगों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी थी।
मालूम हो कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार की तरफ से देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन किया है। ऐसे में प्रशासन ने किसी भी तरह के धार्मिक आयोजन के लिए लोगों को घरों से निकलने के लिए मना किया है। यही कारण है कि नवरात्रि के दौरान लोगों ने अपने घरों में ही पूजा-पाठ किया।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर और गुरुद्वारों के साथ सभी धार्मिक स्थलों को बंद कर दिया गया है।