फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रियंका गांधी का तंज: तीरथ सिंह रावत के जींस वाले बयान के बाद पोस्ट की पीएम मोदी, गडकरी और भागवत की ऐसी तस्वीर

Fri, 19 Mar 2021 12:01 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा युवाओं के फटी जींस पहनने संबंधी दिए बयान पर बवाल मचा गया है। एक ओर जहां कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना दिया है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने भी सवाल खड़े किए हैं। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से देशभर में रावत का बयान वायरल हो रहा है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसे लेकर तंज कसा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की निक्कर वाली तस्वीर ट्वीट की है।

विज्ञापन


प्रियंका गांधी ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, 'ओह माय गॉड! इनके घुटने दिख रहे हैं।'
 


क्या कहा था तीरथ सिंह रावत ने?
मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रावत ने कहा था कि 'संस्कारों के अभाव में युवा अजीबोगरीब फैशन करने लगे हैं और घुटनों पर फटी जींस पहनकर खुद को बडे़ बाप का बेटा समझते हैं।' उन्होंने कहा कि ऐसे फैशन में लड़कियां भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने इस संबंध में एक घटना का भी उल्लेख किया और कहा कि एक बार जब वह हवाई जहाज में बैठे तो उनके साथ एक महिला बैठी थीं जो गम बूट पहने हुई थीं, उनकी जींस घुटनों पर फटी थीं, हाथों में कई कडे़ थे और उनके साथ दो बच्चे भी थे। रावत ने कहा कि वह महिला एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) चलाती हैं और समाज के बीच में जाती हैं, उनके दो बच्चे हैं लेकिन घुटने फटे हुए हैं तो ऐसे में वह क्या संस्कार देंगीं।

बचाव में उतरीं मुख्यमंत्री की पत्नी
तीरथ सिंह रावत द्वारा युवाओं के फटी जींस पहनने संबंधी दिए बयान पर मचे बवाल के बाद उनकी पत्नी रश्मि बचाव में उतरीं और कहा कि मुख्यमंत्री की बात पूरे संदर्भ में प्रस्तुत नहीं की जा रही है। वीडियो के जरिए अपने बयान में रश्मि ने कहा कि मुख्यमंत्री रावत ने जिस पूरे संदर्भ में यह बात कही है उसका वर्णन नहीं किया जा रहा है। मिस मेरठ रह चुकीं रश्मि ने कहा, 'उन्होंने (तीरथ सिंह) कहा कि महिलाओं की भागीदारी समाज और देश के निर्माण में अभूतपूर्व है। हमारे देश की महिलाओं के कंधों पर ही यह जिम्मेदारी है कि वह हमारी सांस्कृतिक धरोहर को बचाएं, हमारी पहचान को बचाएं, हमारी वेशभूषा को बचाएं।'

विज्ञापन


रावत के बयान पर मचा बवाल
रावत के इस बयान पर खासा बवाल मच गया और कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे राजनीतिक दलों से लेकर शिवसेना नेत्री प्रियंका चतुर्वेदी और अभिनेत्री से सांसद बनीं जया बच्चन के अलावा आम लोगों ने भी सोशल मीडिया पर रावत को ट्रोल किया। मुख्यमंत्री रावत के इस बयान को 'निर्लज्ज' बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि उन्हें महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने फेसबुक पोस्ट की। उन्होंने कहा ‘हमारे नए मुख्यमंत्री महिलाओं की फटी जींस पहनने या कटी जींस पहनने पर बहुत खफा हैं।मुख्यमंत्री जी यह नया जमाना है। आपको तो मोदी जी राम नजर आते हैं, कृष्ण नजर आते हैं और अब आप हमारी बेटियों की जींस पहनने पर भी कमेंट करने लग गए।’ 

सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के समर्थन में भी आए लोग
लगातार सोशल मीडिया पर लोगों की तल्ख टिप्पणियों का सामना कर रहे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के समर्थन में भी लोग नजर आने लगे हैं। गुरुवार को शोभना रावत स्वामी ने लिखा- 'बात तो संस्कृति की ही थी। फटी जींस का केवल उदाहरण दिया गया था। इसमें बुराई क्या है। बाकी जिनकों यह फटी जींस की संस्कृति पसंद है, उन पर कोई रोक नहीं लगाई है।' कई और लोगों ने फेसबुक और ट्वीटर पर मुख्यमंत्री के बयान को सही ठहराया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें