प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीतिक जिम्मेदारी सौंपने के कांग्रेस के एक वर्ग की उठती मांगों के बीच वरिष्ठ पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति के पास पार्टी में नई जान डालने के लिए जादुई छड़ी नहीं होती। आगे बढ़ने का एकमात्र तरीका सामूहिक प्रयास हैं।
रमेश से जब पूछा गया कि क्या प्रियंका को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में व्यापक प्रचार करना चाहिए या उनके लिए 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार करने का सही समय होगा, इस पर उन्होंने कहा, मेरा हमेशा से मानना है कि कांग्रेस में नई जान डालने के लिए कोई एक व्यक्ति जवाबदेह नहीं है बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है।
रमेश ने कहा, किसी के पास जादुई छड़ी नहीं होती। जादुई छड़ी सामूहिक इकाई के पास है और वह कांग्रेस पार्टी है। हममें से हर किसी की जिम्मेदारी है कि पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करें। हम केवल बैठे-बैठे यह नहीं कह सकते कि एक व्यक्ति ये करेगा और दूसरा वो करेगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभालने में देरी से पार्टी की संभावनाएं भी प्रभावित हो रही हैं, तो राज्यसभा सदस्य ने कहा, मुझे लगता है कि फिलहाल यह मुद्दा नहीं है।
मेरा विचार है कि यह केवल समय की बात है। मुझे उनकी समय-सीमा का नहीं पता लेकिन मुझे भरोसा है कि यह जल्द होगा और बहुत देर नहीं होगी। रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनावों को लेकर सही कदम उठाए हैं।
पहली बार हम मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम (शीला दीक्षित) घोषित कर रहे हैं। हमारे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नए हैं। हमारी समन्वय समित के अध्यक्ष नए हैं। मुझे लगता है कि हमें अब लोगों का इंतजार करना चाहिए, जिन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।