देश में आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधा। ट्वीट करते हुए प्रियंका ने सवाल किया, 'क्या सरकार यह मानती है कि आर्थिक मंदी है या नहीं? वित्त मंत्री को हमारी अर्थव्यवस्था की स्थिति पर राजनीति से बाहर आना चाहिए और भारत की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। अगर वह इसे मानने को ही तैयार नहीं हैं तो इतनी बड़ी समस्या का समाधान कैसे करेंगे जो उन्होंने ही खड़ी की है?'
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आर्थित स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि आज अर्थव्यवस्था की हालत काफी चिंताजनक है। पिछली तिमाही में जीडीपी की वृद्धि मात्र पांच फीसदी तक सीमित रहना नरमी के लंबे समय तक बने रहने का संकेत है। मोदी सरकार के चौतरफा कुप्रबंधन के कारण यह नरमी आई है।
पूर्व प्रधानमंत्री के बयान पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि उन्होंने जो कहा, उस पर मेरा कोई विचार नहीं है। उन्होंने जो कहा है मैंने भी उसे सुना है।' सीतारमण ने कहा, 'क्या डॉ. मनमोहन सिंह कह रहे हैं कि 'राजनीतिक प्रतिशोध में शामिल होने के बजाय उन्हें चुप्पी साधे लोगों से सलाह लेनी चाहिए? क्या उन्होंने ऐसा कहा है? ठीक है, धन्यवाद, मैं इस पर उनकी बात सुनूंगी। यही मेरा जवाब है।'