प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात की यात्रा पर जाने वाले हैं। दो दिनों की अपनी यात्रा में पीएम मोदी सौराष्ट्र, उत्तरी गुजरात और सेंट्रल गुजरात जाएंगे। यात्रा के दौरान वो चार अलग-अलग जगहों पर करीब 7 से 8 लाख लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ऑफिस से गुजरात सरकार को मिले कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री द्वारका, राजकोट, वड़नगर और भरूच जाएंगे। इस दौरान वो सोमनाथ दर्शन के लिए भी जा सकते हैं।
पढ़ें: 'गुजरात गौरव यात्रा' से विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने पहुंच रहे हैं BJP अध्यक्ष अमित शाह
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक 7 अक्तूबर को प्रधानमंत्री कई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। राजकोट में 2500 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आधारशिला रखेंगे और 2600 करोड़ की लागत से बन रहे अहमदाबाद-राजकोट हाइवे विकास प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखेंगे।
यात्रा के दूसरे दिन 8 अक्तूबर को पीएम मोदी गांधी नगर में आईआईटी की नई बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद वो मेहसाणा के वड़नगर जाएंगे, जहां 500 करोड़ की लागत से बने एक सिविल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का उदघाटन करेंगे। रो-रो फेरी सर्विस, भदभुत बराज प्रोजेक्ट के साथ अरावली जिले के शाम लाजी में अतंरराष्ट्रीय देवी नी मोरी इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे।