फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोलकाता की एक इमारत में आग : अब तक नौ लोगों की मौत, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक

Tue, 09 Mar 2021 04:14 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

  • कोलकाता में एक इमारत की 13वीं मंजिल पर लगी आग
  • इमारत में पूर्वी रेलवे का कार्यालय, टिकट बुकिंग प्रभावित
  • मरने वाले के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद
विज्ञापन
कोलकाता के एक बिल्डिंग में लगी आग - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता की स्ट्रैंड रोड पर एक इमारत की 13वीं मंजिल पर सोमवार शाम को आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो गई है, जिसमें चार दमकल के कर्मचारी हैं। इस इमारत में ईस्टर्न रेलवे का कार्यालय भी है, इस हादसे में मरने वाले दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हालांकि अब आग पर काबू पा लिया गया है। 

विज्ञापन


वहीं आग में झुलसे लोगों के परिवारजनों के लिए राज्य सरकार ने 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। कोलकाता हादसे को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया कि कोलकाता की एक इमारत में जो आग लगी है, उसके लिए शब्द नहीं है। मृतकों के परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। 

इधर प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया है और ट्वीट किया है कि कोलकाता की इमारत में लगी आग में मरने वालों की खबर सुनकर दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि हादसे में घायल लोगों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। 
विज्ञापन


वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ट्वीट कर इस हादसे के प्रति शोक प्रकट किया है। उन्होंने लिखा कि कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना के कारण लोगों की जान जाने से मन व्यथित है। इस दुख की घड़ी में, जिन्होंने अपनी जान गंवाई , उनके परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भाजपा शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।

उधर, इस हादसे को लेकर रेल मंत्रालय के एडीजी (जन संपर्क) डीजे नारायण ने कहा, 'तीन रेलवे अधिकारियों समेत नौ लोगों की मौत से हम बहुत दुखी हैं। नियमों के अनुसार मामले की जांच के लिए वरिष्ठ मुख्य सुरक्षा अधिकारी की अगुवाई में उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। ये समिति तीन सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।' उन्होंने बताया कि रेलवे की आरक्षण व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है, सभी पीआरएस काउंटर चल रहे हैं।

बता दें कि इस इमारत में ईस्टर्न रेलवे का कार्यालय भी था, जिसकी वजह से पूर्वी भारत में टिकट बुकिंग की सेवा प्रभावित हुई है। आग के कारण पैसेंजर रिजर्वेशन सर्विस (पीआरएस) का सर्वर ठप हो गया है। सर्वर ठप होने की वजह से पूर्वी भारत में कंप्यूटराइज टिकट बुकिंग प्रभावित हुई है। 



रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस घटना पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि इस हादसे में चार दमकल कर्मचारी, दो रेलवे अधिकारी, एक एएसआई समेत नौ लोगों की मौत हो गई है। रेल मंत्री ने रेलवे की तरफ से राज्य सरकार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। पीयूष गोयल ने ट्वीट कर जानकारी दी कि आग की वजह जानने के लिए रेलवे के चार अधिकारियों के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय कमिटी का गठन किया गया है। 
 

इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया कि पीएम मोदी ने इस हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया है। इधर पूर्वी रेलवे ने भी जानकारी दी कि अभी तक आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया है। रेलवे ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें