प्रधानमंत्री मोदी 'इंडिया अर्बन हाउसिंग कॉन्क्लेव 2022' के उद्घाटन और राजकोट में कई प्रमुख परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने 'इंडिया अर्बन हाउसिंग कॉन्क्लेव 2022' का उद्घाटन किया और कई प्रमुख परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे राजनीति में आए और अपने लिए बड़े-बड़े घर बनाए, लेकिन झुग्गी-झोपड़ी वालों की हालत सुधारने के बारे में कभी नहीं सोचा। मैंने गरीबों के लिए घर बनाने का काम हाथ में लिया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में जल्द ही हवाई जहाजों का निर्माण किया जाएगा और उनके कल-पुर्जे राजकोट में बनाए जाएंगे। इससे राज्य का विकास भी बढ़ेगा और राजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
पीएम मोदी आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए घरों सहित कई परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद राजकोट शहर के रेसकोर्स इलाके में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां दिसंबर के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
अपने संबोधन के दौरान राजकोट जिले में इंजीनियरिंग उद्योग की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि हवाई जहाज जल्द ही गुजरात में बनाए जाएंगे और उनके स्पेयर पार्ट्स राजकोट में बनाए जाएंगे। इस मौके पर उन्होंने 'लाइट हाउस' परियोजना के तहत बने करीब 1100 मकानों का कब्जा लाभार्थियों को सौंपा। रैली से पहले पीएम ने एयरपोर्ट से रेसकोर्स ग्राउंड तक रोड शो भी किया।