प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत और बांग्लादेश के बीच बने पुल यानी मैत्री सेतु का उद्घाटन कर दिया है। कोरोना वायरस की वजह से यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अपने बांग्लादेश दौरे के दौरान मैंने और प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मिलकर त्रिपुरा को बांग्लादेश से सीधे जोड़ने वाले ब्रिज का शिलान्यास किया था और आज इसका लोकार्पण किया गया है।
जहां डबल इंजन की सरकार नहीं है, आपके पड़ोस में ही, गरीबों, किसानों, बेटियों को सशक्त करने वाली योजनाएं या तो लागू ही नहीं की गई, या बहुत धीमी गति से चल रही है। डबल इंजन सरकार का सबसे बड़ा असर गरीबों को पक्के घर देने में दिख रहा है।
पिछले तीन साल में तेजी से काम हुआ - पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्रिपुरा की कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर में बीते तीन साल में तेजी से सुधार हुआ है। एयरपोर्ट का काम हो, या समंदर के रास्ते त्रिपुरा को इंटरनेट से जोड़ने का काम हो, या रेल लिंक, इनमें तेजी से काम हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि बांग्लादेश में भी इस पुल से कनेक्टिविटी तेज होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फेनी ब्रिज के खुल जाने से अगरतला, इंटरनेशनल सी पोर्ट से भारत का सबसे नजदीक का शहर बन जाएगा। जब हर घर जल, बिजली, स्वास्थ की सुविधाएं पहुंचती हैं तो हमारे जनजातीय क्षेत्रों को इसका विशेष लाभ होता है। यही काम केंद्र और त्रिपुरा की सरकार मिलकर कर रही है।
'बांस के कुकीज को पैकेज्ड प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे बताया गया कि बांस के कुकीज को एक पैकेज्ड प्रोडक्ट के तौर पर प्रस्तुत किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में जनजातीय क्षेत्रों में एकलव्य स्कूलों के लिए बड़े प्रावधान किए गए।