प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल)
- फोटो : एएनआई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को केरल में वायनाड के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी 10 अगस्त को दोपहर कलपेट्टा पहुंचेंगे और उसके बाद भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
सीएम पिनरई विजयन को पुनर्वास पैकेज मिलने की उम्मीद
उधर, केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने तिरुवनंतपुरम में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पीएम मोदी का वायनाड दौरा राज्य सरकार की उस मांग के बीच हो रहा है, जिसमें उसने भूस्खलन को 'राष्ट्रीय आपदा' मानने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के अनुरोध के बाद गृह मंत्रालय ने आपदा की गंभीरता की जांच करने और इस संबंध में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए नौ सदस्यीय समिति नियुक्त की है। विजयन ने कहा कि राज्य को एक व्यापक पुनर्वास पैकेज मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र सरकार बहुत सहयोगी और मददगार रही है।
विनाशकारी भूस्खलन में अभी भी 138 लोग लापता
इस बीच, भूस्खलन प्रभावित चूरलमाला और मुंडक्कई क्षेत्रों से लापता लोगों की तलाश नौवें दिन भी जारी रही, जिसमें सेना और नौसेना समेत कई बलों के 1,026 कर्मियों, 500 से अधिक स्वयंसेवकों और भारी मशीनरी को वहां तैनात किया गया है। 30 जुलाई को वायनाड के मुंडक्कई और चूरलमाला क्षेत्रों में हुए विनाशकारी भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 300 से ज्यादा है।
वहीं केरल के स्थानीय प्रशासन की तरफ से बुधवार को जारी किए गए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, एक सप्ताह से अधिक समय पहले उत्तरी केरल के इस जिले में हुए भीषण भूस्खलन के बाद से अभी भी 138 लोग लापता हैं।