ठाणे की मनपाड़ा आईसीआईसीआई बैंक से 12 करोड़ से ज्यादा रुपये की चोरी के मुख्य आरोपी को ढाई महीने बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी शेख को पुणे से ठाणे और नवी मुंबई पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बैंक से चुराए गए 12.20 करोड़ रुपये में से करीब नौ करोड़ रुपये बरामद कर लिए हैं।
जुलाई माह की 12 तारीख को ठाणे के मनपाड़ा इलाके के आईसीआईसीआई बैंक में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने आखिरकार कर ही दिया। मनपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस चोरी में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि करीबन ढ़ाईं महीने पहले बैंक में चोरी हुई थी। चोरों ने 12.20 करोड़ रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान 43 वर्षीय अल्ताफ शेख के रूप में हुई है। इतना ही नहीं मुख्य आरोपी अल्काफ शेख के पास से करीब नौ करोड़ रुपये भी बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी अल्ताफ शेख को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। बैंक में चोरी के इस मामले में शेख की गिरफ्तारी के साथ ही उसकी बहन नीलोफर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। चोरी 12 जुलाई को हुई थी।
मनपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि आरोपी अल्ताफ शेख मुंब्रा का निवासी है। वह आईसीआईसीआई बैंक में कस्टोडियन के रूप में काम करता था। यहां वह बैंक के लॉकर की चाबियों का कार्यवाहक था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैंक में चोरी करने का प्लान वह काफी पहले से बना रहा था। इस चोरी की योजना बनाने, सिस्टम में खामियों को जानने और चोरी के औजार इकट्ठा करने के लिए उसने एक साल तैयारी की थी। उन्होंने बताया कि चोरी को अंजाम देकर शेख फरार हो गया था।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी शेख को आखिरकार सोमवार को पुणे से ठाणे और नवी मुंबई पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बैंक से चुराए गए 12.20 करोड़ रुपये में से करीब नौ करोड़ रुपये बरामद कर लिए हैं। बाकी की राशि भी जल्द ही बरामद कर ली जाएगी। इससे पहले, पुलिस ने नीलोफर और तीन अन्य आरोपियों अबरार कुरैशी (33), अहमद खान (33) और अनुज गिरी (30) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में और लोगों को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है और आगे की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि वह अपनी पहचान छिपाने के लिए ना केवल बुर्के का प्रयोग करता था बल्कि रूप भी बदलता था। उन्होंने यह भी बताया कि शेख की बहन नीलोफर को उसके इस कारनामे की जानकारी थी। उसने भी अपने घर में कुछ पैसे छिपाए थे।